कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़, पुलिस ने डायवर्जन और शटल सेवा से संभाली व्यवस्था

नैनीताल – वीकेंड के चलते नैनीताल जनपद के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। कैंची धाम, नैनीताल, भीमताल और मुक्तेश्वर की ओर बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने से प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। इसे देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सुबह से ही मोर्चा संभाल लिया।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। थाना-चौकी पुलिस, सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस के जवान जगह-जगह यातायात व्यवस्था संभालने के साथ ही पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

कैंची धाम में शटल सेवा से सुगम कराए जा रहे दर्शन

कैंची धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए पुलिस ने यातायात डायवर्जन की व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए शटल सेवा संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से उन्हें कैंची धाम पहुंचाया जा रहा है। मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से भेजा जा रहा है, ताकि भीड़ को व्यवस्थित रखा जा सके और किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

पुलिस की टीमें प्रमुख स्थानों पर लगातार निगरानी रखते हुए यातायात को नियंत्रित कर रही हैं। वाहनों की बढ़ती संख्या के बीच जाम की स्थिति से बचने के लिए आवश्यकतानुसार यातायात को व्यवस्थित किया जा रहा है।

पर्यटकों और श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील

नैनीताल पुलिस ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि श्रद्धालु निर्धारित कतार में ही चलें और लाइन बदलकर दूसरी कतार में जाने से बचें। वाहन चालक अनावश्यक ओवरटेकिंग न करें और यातायात दबाव के दौरान धैर्य बनाए रखें।

पुलिस ने लोगों से सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित नहीं करने तथा वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही पार्क करने की अपील की है। साथ ही पुलिस और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। पुलिस के अनुसार, यात्रियों के सहयोग से ही वीकेंड के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जा सकता है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें