भक्ति, संगीत और संस्कृति का संगम बना पुलिस लाइन, धूमधाम से मनाया कृष्ण जन्मोत्सव

नैनीताल – धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक उल्लास और पुलिस परिवार की एकजुटता का अनूठा संगम शुक्रवार शाम रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल में देखने को मिला। नैनीताल पुलिस परिवार की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर के पुलिसकर्मियों, उनके परिजनों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में उत्तराखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल और न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत, कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती, नैनीताल विधायक सरिता आर्या और एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों का पारंपरिक पुलिस गार्ड, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।

स्टार नाइट में कलाकारों ने बांधा समां

जन्माष्टमी समारोह का प्रमुख आकर्षण स्टार नाइट शो रहा। जी टीवी फेम गायिका वैशाली ने अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। लोक गायक नीरज चुफाल ने कुमाऊंनी लोकगीतों की प्रस्तुतियों से पहाड़ की संस्कृति की खुशबू बिखेरी। अंतरराष्ट्रीय गायक विशाल प्रकाश ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया।

दिल्ली के विशाल डांस एंड क्रू की आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इसके साथ ही नैनीताल पुलिस के जवानों और पुलिस परिवार के बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

नैनीताल पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज से कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया। पुलिस के अनुसार, ऑनलाइन प्रसारण को एक लाख से अधिक दर्शकों ने देखा और सराहा।

कृष्ण की लीलाओं पर आधारित झांकियां बनीं आकर्षण

जन्माष्टमी के अवसर पर जिले के विभिन्न थानों, सीपीयू, यातायात विभाग, संचार शाखा और अग्निशमन केंद्रों के पुलिसकर्मियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां तैयार कीं। झांकियों में पुलिसकर्मियों की रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा देखने को मिली।

मुख्य अतिथियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न झांकियों का अवलोकन कर पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना की। झांकियां समारोह में आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं।

मध्यरात्रि में विधि-विधान से हुई पूजा

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद मध्यरात्रि के समीप श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का मुख्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी एवं उनकी धर्मपत्नी डॉ. नंदिता अरकेल सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस परिवार ने विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की।

इस दौरान क्षेत्र और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना करते हुए सामूहिक भजन-कीर्तन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस परिवार के साथ स्थानीय नागरिकों की भागीदारी ने आयोजन को और भव्य बना दिया।

बेहतर प्रदर्शन करने वालों का सम्मान

जन्माष्टमी समारोह को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों, पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों को अतिथियों की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।

आयोजन ने जहां धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत किया, वहीं पुलिस परिवार की एकजुटता और पुलिस-जन संवाद को भी मजबूत करने का संदेश दिया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें