ज्योलीकोट में जलजनित रोगों का मामला गरमाया, सांसद भट्ट ने अधिकारियों को दिए निर्देश

ज्योलीकोट – क्षेत्र में डायरिया समेत जलजनित रोगों के बढ़ते मामलों की शिकायतों को लेकर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने शुक्रवार को ज्योलीकोट पहुंचकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके से ही जिलाधिकारी नैनीताल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और जल संस्थान के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सांसद भट्ट सबसे पहले वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश जोशी के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनके पुत्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों से क्षेत्र में सामने आ रही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली। लोगों ने उन्हें डायरिया सहित जलजनित रोगों के फैलने और पेयजल व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत की और रोगों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

सांसद भट्ट ने अधिकारियों से क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने, प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पेयजल लाइनों की स्थिति को दुरुस्त करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

सांसद निधि से ढाई लाख रुपये देने की घोषणा

क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की मरम्मत एवं व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सांसद अजय भट्ट ने अपनी सांसद निधि से ढाई लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए।

सांसद ने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें