हल्द्वानी – श्रीराम बारात शोभायात्रा के आयोजन को लेकर हल्द्वानी पुलिस ने शहर का यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह प्लान 11 अक्टूबर 2026 को दोपहर एक बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा। शोभायात्रा लटूरिया मंदिर, बरेली रोड से शुरू होकर मंगलपड़ाव, सिंधी चौराहा और कालाढूंगी चौराहा होते हुए ओके होटल के रास्ते रामलीला मैदान पहुंचेगी। इस दौरान शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और यात्रा पर निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अवश्य ले लें।
छोटे वाहनों के लिए डायवर्जन प्लान
बरेली रोड से आने वाले वाहन: पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा से अपने गंतव्य को जाएंगे। शहर में आने वाले वाहन होंडा शोरूम/गांधी इंटर कॉलेज तिराहा से डायवर्ट होकर टीपी नगर तिराहा अथवा आईटीआई तिराहा, कैंसर अस्पताल तिराहा, क्रियाशाला और मुखानी चौराहा होते हुए जाएंगे।
रामपुर रोड से आने वाले वाहन: पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन गन्ना सेंटर/शीतल होटल तिराहा से डायवर्ट होकर तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नारीमन तिराहा से अपने गंतव्य को जाएंगे। शहर में प्रवेश करने वाले वाहन पंचायत घर/आईटीआई तिराहा से डायवर्ट होकर कैंसर अस्पताल तिराहा, क्रियाशाला और मुखानी चौराहा होते हुए जाएंगे।
कालाढूंगी रोड से आने वाले वाहन: पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन ऊंचापुल/लालडॉट तिराहा से डायवर्ट होकर हाइडिल तिराहा और कॉलटैक्स तिराहा होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे। अन्य वाहन मुखानी चौराहा से डायवर्ट किए जाएंगे।
जेल रोड तिराहा से आने वाले वाहन: जब शोभायात्रा कालाढूंगी चौराहा से ओके होटल तिराहा के बीच रहेगी, तब जेल रोड तिराहा से कालाढूंगी चौराहा की ओर जाने वाले वाहन मुखानी चौराहा/अर्बन बैंक तिराहा से डायवर्ट होकर नैनीताल बैंक तिराहा के रास्ते अपने गंतव्य को जाएंगे।
काठगोदाम से हल्द्वानी शहर आने वाले वाहनों के लिए मार्ग
काठगोदाम की ओर से शहर में आने वाले वाहनों को अलग-अलग स्थानों से डायवर्ट किया जाएगा।
- नारीमन तिराहा से वाहन गोलापार रोड होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
- कॉलटैक्स तिराहा/हाइडिल तिराहा से वाहन पनचक्की तिराहा, लालडॉट तिराहा/चंबल पुल और ऊंचापुल चौराहा होते हुए जाएंगे।
- महारानी होटल तिराहा से वाहन कुल्यालपुरा चौराहा और पानी की टंकी तिराहा होते हुए निकलेंगे।
- नैनीताल बैंक तिराहा से वाहन अल्मोड़ा अर्बन बैंक तिराहा और जेल रोड तिराहा के रास्ते अपने गंतव्य को जाएंगे।
रोडवेज और निजी बसों के लिए व्यवस्था
रामपुर रोड से आने वाली रोडवेज बसें: शोभायात्रा के दौरान टीपी नगर तिराहा से डायवर्ट होकर बरेली रोड स्थित होंडा शोरूम तिराहा तक आ सकेंगी। वैकल्पिक रूप से बसें तीनपानी से गोलापार रोड, नारीमन तिराहा, नैनीताल रोड और तिकोनिया होते हुए रोडवेज स्टेशन पहुंचेंगी।
बरेली रोड से आने वाली रोडवेज बसें: बसें होंडा शोरूम तिराहा तक आ सकेंगी। वैकल्पिक मार्ग के रूप में तीनपानी से गोलापार रोड, नारीमन तिराहा, नैनीताल रोड और तिकोनिया होते हुए रोडवेज स्टेशन पहुंचने की व्यवस्था रहेगी।
कालाढूंगी रोड से आने वाली रोडवेज बसें: जब शोभायात्रा कालाढूंगी चौराहा और ओके होटल के बीच रहेगी, तब बसें लालडॉट तिराहा से डायवर्ट होकर पनचक्की तिराहा, हाइडिल तिराहा और तिकोनिया चौराहा होते हुए रोडवेज स्टेशन पहुंचेंगी।
रोडवेज स्टेशन से रामपुर और बरेली रोड की ओर जाने वाली बसें: बसें रोडवेज स्टेशन के पूर्वी गेट से ताज चौराहा और गोलपुल होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगी।
निजी, इंटरसिटी और सिडकुल बसें: रामपुर रोड से आने वाली बसें आईटीआई तिराहा तक तथा बरेली रोड से आने वाली बसें होंडा शोरूम तिराहा तक आ सकेंगी।
वाहन चालकों से सहयोग की अपील
श्रीराम बारात शोभायात्रा के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर यातायात का दबाव रहने की संभावना है। ऐसे में वाहन चालकों से अपील है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें, अनावश्यक रूप से जाम वाले मार्गों पर न जाएं और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।











