1. शहीद पार्क से निकली सेवा ज्योति यात्रा, अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय धावकों ने बढ़ाया उत्साह

हल्द्वानी – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को नैनीताल जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम नैनीताल रोड स्थित शहीद पार्क, ठंडी सड़क में हुआ। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट समेत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, महिलाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भागीदारी की।

प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और मई 2014 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद से केंद्र में सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं। 7 अक्टूबर 2026 को उनके शासनाध्यक्ष के रूप में 25 वर्ष पूरे हुए।

सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के 25 वर्ष

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने का अवसर सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पण की यात्रा के रूप में मनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में करीब 13 वर्षों की जिम्मेदारी संभालने के बाद मई 2014 से प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने सार्वजनिक जीवन में एक लंबी यात्रा पूरी की है।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार की ओर से जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाएं संचालित की गई हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा है।

शहीद पार्क में उमड़ा जनसमूह

कार्यक्रम में महिलाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं और गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण भी लोगों ने सुना।

स्कूली बच्चों की ओर से प्रस्तुत देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े संदेशों के बीच लोगों ने प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के अवसर पर शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

मशाल के साथ निकली सेवा ज्योति यात्रा

कार्यक्रम के उपरांत प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मशाल जुलूस के साथ सेवा ज्योति रथ यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ सांसद अजय भट्ट एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने किया।

सेवा ज्योति यात्रा शहीद चौक, ठंडी सड़क से प्रारंभ होकर नगर निगम सेवा ज्योति पार्क तक पहुंची। यात्रा में अंतरराष्ट्रीय धावक सुरेश पांडे एवं राष्ट्रीय धाविका ममता पाठक ने भी प्रतिभाग किया।

सांसद अजय भट्ट ने इस अवसर पर घोषणा की कि नगर निगम पार्क का नाम परिवर्तित कर ‘सेवा ज्योति यात्रा पार्क’ के नाम से जाना जाएगा।

आत्मनिर्भर और विकसित भारत का संकल्प दोहराया

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और आमजन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान देश को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया गया।

उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उनके जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

कार्यक्रम में विधायक बंशीधर भगत, मेयर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, दीपक मेहरा, देवेंद्र ढैला, शांति मेहरा, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, मोहन पाठक, भावना मेहरा, कौस्तुभानंद जोशी, प्रदीप जनोटी, पूर्व मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, रंजन बर्गली, विनीत अग्रवाल, जिला सह प्रभारी रंदीप पोखरिया, कार्यक्रम संयोजक नवीन भट्ट, सह संयोजक कमल रावत, नीरज बिष्ट, सुरेश पांडे और ममता पांडे समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रशासन की ओर से मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडे, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, बाल विकास अधिकारी अनुलेखा बिष्ट और एपीडी चंद्रा फर्त्याल, बीडीओ तनवीर असगर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, बच्चे और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें