कैंचीधाम में खाई में समाई दूध पिकअप, तीन घायलों को भवाली भेजा

कैंचीधाम/भवाली – कैंचीधाम क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दूध पिकअप वाहन सड़क से करीब 100 से 150 मीटर नीचे गहरी खाई में जाकर नदी के पास गिर गया। हादसे में वाहन में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कैंचीधाम चौकी पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया और तीनों घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 5 बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने कैंचीधाम चौकी पुलिस को सूचना दी कि कैंची मंदिर क्षेत्र में केरल ढाबे के पास सड़क से काफी नीचे नदी के समीप किसी वाहन की लाइट दिखाई दे रही है। आशंका जताई गई कि कोई वाहन खाई में गिरा हो सकता है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए कैंचीधाम चौकी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेने के बाद एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों के सहयोग से खाई में सर्च अभियान शुरू किया।

खाई में मिला दूध का पिकअप वाहन

सर्च अभियान के दौरान पुलिस और बचाव दल को नदी के पास गहरी खाई में दूध का पिकअप वाहन संख्या UK04 CC 3465 गिरा हुआ मिला। वाहन में तीन लोग फंसे हुए थे और सभी घायल अवस्था में थे।

इसके बाद पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान तेज किया। दुर्गम खाई और नदी के पास कठिन परिस्थितियों के बावजूद पुलिसकर्मियों और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत की और वाहन में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

108 एंबुलेंस से भवाली भेजे गए घायल

रेस्क्यू के बाद तीनों घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली उपचार के लिए भेजा गया। पुलिस के अनुसार हादसे में घायल तीनों लोगों का उपचार कराया जा रहा है।

घायलों का विवरण

  1. अंकित सिंह, पुत्र स्व. सतपाल सिंह, निवासी बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी, उम्र 33 वर्ष — वाहन चालक
  2. बॉबी, पुत्र ओम प्रकाश, निवासी बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी, उम्र 22 वर्ष
  3. मोहम्मद साकिब, पुत्र नफीस अहमद, निवासी हल्द्वानी, उम्र 11 वर्ष

पुलिस की तत्परता से समय पर शुरू हुआ रेस्क्यू

स्थानीय व्यक्ति द्वारा समय रहते वाहन की लाइट देखकर पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों के सहयोग से चलाए गए अभियान के चलते तीनों घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

रेस्क्यू टीम में शामिल रहे

  • उपनिरीक्षक विजय कुमार, प्रभारी चौकी कैंचीधाम
  • अपर उपनिरीक्षक विजय कुमार
  • कांस्टेबल विनोद यादव
  • कांस्टेबल महेश गोस्वामी

पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें