पीजी, किरायेदार और होम-स्टे की निगरानी कड़ी, बार और पब्स पर सख्ती….

देहरादून – उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के नेतृत्व में पुलिस मुख्यालय में आज उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें हाल ही में देहरादून में हुई आपराधिक घटनाओं की समीक्षा की गई और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी एसटीएफ नीलेश आनन्द भरणे, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए कि देहरादून के चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए। क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी स्वयं फील्ड में रहकर पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाएं और बैरियर्स पर सघन चेकिंग करें। विशेष रूप से प्रातःकालीन समय में पुलिस बल की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

एसएसपी देहरादून को अधीनस्थ अधिकारियों की स्पष्ट टास्किंग कर उनकी जवाबदेही सुनिश्चित करने और क्षेत्र में प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। आईजी एसटीएफ एवं एसएसपी एसटीएफ को सक्रिय आपराधिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने और कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा गया।

सत्यापन अभियान के अंतर्गत पीजी एवं किरायेदारों का सघन सत्यापन और होम-स्टे गतिविधियों की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही, निर्धारित समय के बाद संचालित बार और पब्स पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

पुलिस महानिदेशक ने स्पष्ट कहा कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के माध्यम से राजधानी में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूर्ण मुस्तैदी, सतर्कता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें