मातृवंदन योजना को प्रभावी बनाने को प्रशासन का एक्शन प्लान….

रुद्रपुर – बाल विकास विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री मातृवंदन योजना की प्रगति को लेकर दिवेश शाशनी (मुख्य विकास अधिकारी) गंभीर नजर आए। योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने और लाभार्थियों तक समय पर लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को विकास भवन सभागार में बृहद प्रशिक्षण/कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में उपस्थित सुपरवाइजरों ने योजना के पोर्टल में आ रही तकनीकी दिक्कतों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों पर अतिरिक्त कार्यभार की समस्याओं से अवगत कराया। इस पर सीडीओ ने त्वरित समाधान के निर्देश देते हुए समस्त सीडीपीओ एवं सुपरवाइजरों के लिए सेक्टरवार दैनिक लक्ष्य निर्धारित किए। साथ ही अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय में मॉनिटरिंग सेल का गठन किया गया, जो स्वास्थ्य विभाग व अन्य माध्यमों से योजना की दैनिक प्रगति की निगरानी करेगा और प्राप्त समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करेगा।

सीडीओ दिवेश शाशनी ने निर्देश दिए कि सभी सीडीपीओ अपने-अपने स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की बैठकें आयोजित कर योजना से जुड़ी समस्याओं का समाधान करें। इस दौरान परियोजनावार प्रशिक्षण कार्यक्रम का रोस्टर भी तैयार किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत एवं पात्र गर्भवती महिलाओं को योजना का लाभ दिलाने के लिए फॉर्म भरवाना और सभी औपचारिकताएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराई जाएं।

उन्होंने व्योमा जैन (जिला कार्यक्रम अधिकारी/जिला प्रोबेशन अधिकारी) को निर्देश दिए कि साप्ताहिक समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें। साथ ही सीडीओ ने कहा कि वे स्वयं पाक्षिक समीक्षा करेंगे और प्रत्येक समीक्षा बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सुपरवाइजर एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री को सम्मानित किया जाएगा।

प्रशिक्षण/कार्यशाला में नफील जमील (जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी) सहित जनपद की समस्त सीडीपीओ एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहीं। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि प्रधानमंत्री मातृवंदन योजना के अंतर्गत पात्र गर्भवती महिलाओं को समय पर, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें