मीडिया की स्वतंत्रता के साथ जवाबदेही भी जरूरी, हल्द्वानी में हुआ मंथन

हल्द्वानी – राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर पर मीडिया सेंटर हल्द्वानी में ‘Populist or Responsible’ (लोकलुभावन या जिम्मेदार पत्रकारिता) विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया की सामाजिक भूमिका और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जिम्मेदार पत्रकारिता के महत्व पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

संगोष्ठी में मुख्यमंत्री मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने कहा कि वर्तमान दौर में सूचना एवं संचार के तेजी से विस्तार के साथ जनमत को प्रभावित करने की क्षमता भी बढ़ी है। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि किसी विषय को केवल लोकप्रियता हासिल करने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया जा रहा है या व्यापक जनहित और सामाजिक जिम्मेदारी को ध्यान में रखकर उस पर विमर्श हो रहा है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबरों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना या लोकप्रियता हासिल करना नहीं होना चाहिए। तथ्यों की प्रमाणिकता, निष्पक्षता और जनसरोकारों को प्राथमिकता देना पत्रकारिता की मूल जिम्मेदारी है। किसी भी समाचार को प्रस्तुत करते समय उसकी सत्यता, प्रभाव और सामाजिक परिणामों का ध्यान रखना आवश्यक है।

व्यूज के साथ वैल्यूज भी जरूरी : डॉ. नितिन उपाध्याय

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने कहा कि पत्रकारिता कभी समाप्त नहीं होगी, बल्कि समय के साथ उसका स्वरूप बदलता और आधुनिक होता रहेगा। डिजिटल एवं सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव से समाचारों का प्रसार तेज हुआ है, लेकिन इसके साथ भ्रामक सूचनाओं, अपुष्ट खबरों और सनसनीखेज प्रस्तुति की चुनौतियां भी बढ़ी हैं।

उन्होंने पत्रकारों से तथ्यों की पुष्टि, संतुलित दृष्टिकोण और पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यूज जरूरी हैं, लेकिन व्यूज के साथ वैल्यूज भी बहुत जरूरी हैं।

जिम्मेदार पत्रकारिता से कायम रहती है विश्वसनीयता

पत्रकार शैलेन्द्र नेगी ने कहा कि देश को आजादी दिलाने और स्वतंत्रता की अलख जगाने में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि लोकलुभावन पत्रकारिता भले ही तात्कालिक लोकप्रियता हासिल कर ले, लेकिन जिम्मेदार पत्रकारिता ही समाज में विश्वसनीयता कायम रखती है।

संगोष्ठी में वक्ताओं ने इस बात पर भी जोर दिया कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता जितनी महत्वपूर्ण है, उतनी ही जरूरी उसकी जवाबदेही भी है। पत्रकारों को जनहित को सर्वोपरि रखते हुए निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता करनी चाहिए।

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम, पत्रकार विनोद कांडपाल, दिनेश पांडेय, गीतेश त्रिपाठी, धर्मानंद खोलिया सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें