देहरादून – उत्तराखंड में लगातार दो दिन तक हुई बारिश और आंधी-तूफान के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। तापमान में गिरावट आने से पर्वतीय क्षेत्रों में ठंडक बढ़ गई है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं, देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार बारिश और तेज हवाओं का असर तापमान पर भी देखने को मिल रहा है। बृहस्पतिवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा, लेकिन तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पहाड़ी इलाकों में पारा नीचे आने से लोगों को ठंड का अहसास होने लगा है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम सुहावना बना हुआ है।
तीन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
देहरादून के तापमान में गिरावट
बृहस्पतिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में गिरावट का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। बारिश के बाद ठंडी हवाओं ने मौसम में बदलाव का एहसास करा दिया है।
14 अक्टूबर तक बना रहेगा मौसम का बदला मिजाज
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 14 अक्टूबर तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम के इस बदले मिजाज से पहाड़ों में ठंडक बढ़ने के साथ मैदानी क्षेत्रों में भी सुहावना मौसम बने रहने के आसार हैं।











