मल्ला चौफुला की संकरी सड़कों का होगा स्थलीय निरीक्षण, एसडीएम को सौंपी जिम्मेदारी

हल्द्वानी – नगर निगम के वार्ड नंबर 37 मल्ला चौफुला क्षेत्र की सड़कें अतिक्रमण के कारण संकरी होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी को लेकर क्षेत्रवासियों ने बुधवार को सचिव मुख्यमंत्री एवं आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत को ज्ञापन सौंपा। क्षेत्रवासियों ने पुराने मार्गों की चौड़ाई बहाल करते हुए सड़कों को कम से कम 20 फीट चौड़ा करने की मांग उठाई।

ज्ञापन में स्थानीय लोगों ने बताया कि मल्ला चौफुला कॉलोनी में पूर्व में कई मार्ग 20 से 22 फीट तक चौड़े थे। समय के साथ अतिक्रमण के कारण इनकी चौड़ाई घटकर महज 10 से 13 फीट रह गई है। इससे क्षेत्र में वाहनों के आवागमन के साथ ही स्थानीय निवासियों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

20 फीट सड़क चौड़ीकरण पर क्षेत्रवासियों की सहमति

क्षेत्रवासियों ने आयुक्त को अवगत कराया कि वार्ड नंबर 37 में जिन मार्गों का निर्माण एवं चौड़ीकरण प्रस्तावित है, उन्हें कम से कम 20 फीट चौड़ा किए जाने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि सड़क चौड़ीकरण की जद में किसी व्यक्ति की बाउंड्रीवाल अथवा भूमि आती है तो जनहित में उसे हटाने या तोड़े जाने पर भी उन्हें आपत्ति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए मार्गों को पर्याप्त चौड़ाई दिया जाना जरूरी है।

अतिक्रमण मुक्त करने की मांग

क्षेत्रवासियों ने आयुक्त दीपक रावत से मांग की कि जनहित को देखते हुए संबंधित मार्गों को कम से कम 20 फीट चौड़ा किया जाए और उन्हें बंदोबस्ती अभिलेखों में सम्मिलित करते हुए अतिक्रमणमुक्त कराया जाए। लोगों का कहना है कि सड़कें चौड़ी होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ-साथ आपात स्थिति में भी आवाजाही आसान हो सकेगी।

एसडीएम करेंगे स्थलीय निरीक्षण

ज्ञापन पर आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी हल्द्वानी को प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निरीक्षण के बाद शीघ्र आख्या प्रस्तुत करने को कहा है।

अब क्षेत्रवासियों की नजर प्रशासन की स्थलीय जांच और रिपोर्ट पर है। लोगों को उम्मीद है कि जांच के बाद मार्गों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और जनहित में सड़क चौड़ीकरण एवं अतिक्रमण हटाने को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें